भूमाफिया बॉबी छाबड़ा पुलिस के शिकंजे में, 4 दिन की रिमांड पर

शुक्रवार, 14 फ़रवरी 2020 (19:09 IST)
इंदौर। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात भूमाफिया बॉबी छाबड़ा को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में अदालत ने 4 दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बॉबी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। बॉबी से पूछताछ में कई मामलों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस को जमीन पर अवैध कब्जा, अवैध निर्माण सहित अन्य मामलों में उसकी तलाश थी। एक महिला ने आरोपी के खिलाफ धमकी देने का प्रकरण भी दर्ज करवाया था। प्रदेश सरकार लगातार भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है।

डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र ने बताया कि आरोपी बॉबी उर्फ रणवीर सिंह छाबड़ा पर इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जमीन और गृह निर्माण संस्थाओं से संबंधित धोखाधड़ी के केस दर्ज थे। बॉबी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने 20 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।

शुक्रवार को क्राइम ब्रांच को मुखबीर से सूचना मिली थी कि आरोपी मांगलिया क्षेत्र की ओर जा रहा है। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कनाड़िया और खजराना पुलिस के साथ मिलकर उसे मांगलिया क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा। बॉबी पर आरोप है कि उसने विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों को धमकाया और जालसाजी कर उनकी सदस्यता समाप्त कर अपने डमी सदस्यों को सदस्यता दिलवाई और करोड़ों का हेरफेर किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी