भोपाल। जबलपुर में हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि बरगी बांध में हुआ हादसा चक्रवात की वजह से हुआ है। उसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस हादसे में मन को बेहद दुख पहुंचा। दुर्घटना में रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को पानी से बाहर निकाला, उनका 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी बरगी बांध में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हमने इस घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे की वजह से मन बहुत दुखी है। हमारी रेस्क्यू टीम तत्पर थी। उसने क्रूज को काटकर लोगों को पानी से बाहर निकाला है। रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को निकाला है, हम उन्हें 15 अगस्त को सम्मानित करेंगे।
गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।