दीवार गिरी, बालक की मौत, पथराव में टीआई घायल

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2015 (13:37 IST)
-संजय जैन 
झाबुआ। जिले के कल्याणपुरा में शुक्रवार सुबह एक निजी गोदाम की दीवार गिर गई। इसमें दबकर 12 साल के एक बालक की मौत हो गई। आक्रोशि‍त लोगों ने पथराव किया, जिसमें टीआई घायल हो गए। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याणपुरा में पेटलावद रोड पर अनोखीलाल खेमसरा के निजी गेहूं गोदाम की दीवार शुक्रवार सुबह गिर गई। बताया जा रहा है कि बिना बीम-कॉलम के इस गोदाम में क्षमता से ज्यादा गेहूं भरा हुआ था और उसके दबाव से दीवार ढह गई। 
 
दीवार और गेहूं के नीचे भारत (12 वर्ष) पिता धुलिया हिहोर निवासी बरखेड़ा और संतोष पिता कसना हिहोर दबकर घायल हो गए। जेसीबी की मदद से मलबा और गेहूं हटाया गया। घायल बालक भारत की कल्याणपुरा के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि संतोष का इलाज चल रहा है।
 
हादसे के बाद भारत के परिजनों व अन्य आक्रोशित लोगों ने खेमसरा के आवास और गोदाम पर हमला कर दिया। उन्होंने वहा तोड़फोड़ करने के साथ ही जमकर पथराव किया। इस पथराव में कल्याणपुरा टीआई लोकेंद्रसिंह भी घायल हो गए। तनाव की स्थि‍ति को देखते हुए एसडीएम अंबाराम पाटीदार और प्रभारी एसडीओपी अवासिया भी कल्याणपुरा पहुंच गए, साथ ही जिले के अन्य स्थानों से पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद में स्थ‍िति को नियंत्रित कर लिया गया। 

वेबदुनिया पर पढ़ें