माह अंत तक हो सकता है शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार

शनिवार, 22 अगस्त 2015 (17:14 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस माह के अंत तक अपने मंत्रिमंडल का विस्तार  कर सकते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछने पर चौहान ने कहा कि हां, मैं अगस्त अंत तक अपने  मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहा हूं। मुख्यमंत्री के एक नजदीकी सूत्र ने कहा कि इसमें 7 से 8 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं।
चौहान अपने मंत्रिमंडल विस्तार में 7 से 8 नए मंत्रियों को शामिल कर सकते हैं। संभावना है कि वे पूर्व  मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी तथा पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के भतीजे सुरेन्द्र पटवा को राज्यमंत्री से मंत्री बना सकते हैं।
 
भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश में लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने पर  चौहान ने 14 दिसंबर 2013 को यहां विशाल जम्बूरी मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता  की शपथ ली थी। इसके बाद 21 दिसंबर 2013 को उन्होंने अपने 23 सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन  किया था। 
 
बाद में, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मंत्रिमंडल में इस रिक्त जगह की पूर्ति भी की जाना है। 
 
राजनीतिक विश्लेषक राशिद किदवई कहते हैं कि कई कारण हैं जिनकी वजह से मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल  का विस्तार करने जा रहे हैं। इसके जरिए वे अपनी स्थिति मजबूत दर्शाना चाहते हैं। राजनीतिक तौर पर  चौहान जताना चाहते हैं कि पार्टी में अब भी वे मजबूत स्थिति में हैं।
 
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए वे यह भी बताना चाहते हैं कि मध्यप्रदेश में सारे मामले उनके अपने ही नियंत्रण में हैं।
 
किदवई ने कहा कि 230 सदस्यीय मध्यप्रदेश विधानसभा में मंत्रिमंडल के आकार की 15 प्रतिशत की  सीमा के मुताबिक मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 34 मंत्री हो सकते हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल के वर्तमान आकार को देखते हुए यहां अभी 11 और मंत्री शामिल किए जाने की गुंजाइश है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें