Accident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में सोमवार को तड़के गन्ने से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक पलटने से 6 मजदूरों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पिशोर घाट इलाके में उस समय हुई, जब गन्ने से लदा ट्रक कन्नड़ से पिशोर जा रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया। 4 मजदूर गन्ने के ढेर के नीचे मृत पाए गए और 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसन राठौड़ (30), मनोज चव्हाण (23), मिथुन चव्हाण (26), विनोद चव्हाण (28), कृष्णा राठौड़ (30) और ज्ञानेश्वर चव्हाण (36) के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि वे कन्नड़ के सतकुंड गांव और आसपास के अन्य इलाकों से थे। उन्होंने बताया कि अन्य 11 मजदूर घायल हो गए जिन्हें यहां एक सरकारी अस्पताल और अन्य चिकित्सा केन्द्रों में भर्ती कराया गया है।(भाषा)