भगवंत मान की टीम में शामिल हुए 10 मंत्री, बलजीत कौर एकमात्र महिला

शनिवार, 19 मार्च 2022 (12:05 IST)
चंडीगढ़। पंजाब में मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान के 10 मंत्रियों को राजभवन में राज्यपाल बीएल पुरोहित ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें 31 साल से हरजोत सिंह बैंस सबसे कम उम्र के मंत्री बने, जबकि डॉ. बलजीत कौर मंत्रिमंडल में शामिल एकमात्र महिला हैं। 
 
राज्यपाल पुरोहित ने हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ईटो, डॉ. विजय सिंगला, गुरमीत सिंह मीत, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालचंद कटारूचक, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्मशंकर जिम्पा और हरजोत सिंह बैंस को मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। 
 
एससी से लालचंद कटारूचक को मंत्री बनाया गया है, जबकि बलजीत कौर एकमात्र महिला हैं। लालचंद सामाजिक कार्यकर्ता हैं। हरजोत सिंह बैंस सबसे कम उम्र 31 साल के हैं। बैंस पेशे से वकील हैं। 32 साल गुरमीत सिंह मीत को भी मंत्री बनाया गया है, वे आप आदमी पार्टी की यूथ विंग के प्रमुख रह चुके हैं। 
 
पेशे से किसान और 12वीं क्लास तक पढ़े कुलदीप सिंह धालीवाल पर भी मान ने भरोसा जताया नया। 60 साल के धालीवाल अजनाला (अमृतसर) सीट से पहली बार विधायक बने हैं। जिम्पा भी पहली बार होशियारपुर से विधायक बने हैं और वे मूलरूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। वे 19 अप्रैल 2021 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
 
अमृतसर पूर्व सीट से नवजोत सिंह सिद्धू को हराने वाली जीवन ज्योत कौर को अभी मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है। इससे पहले अटकलें थीं कि उन्हें मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा चरणजीत सिंह चन्नी और बादल को हराने वाले नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने की अटकलें लगाई जा रही थीं।  
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी