50% पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, राज्य को बजट सिर्फ 3%

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 2 अगस्त 2024 (18:16 IST)
Deepender Singh Hooda in Lok Sabha:  हरियाणा के रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्‍डा ने खेल बजट जारी करने को लेकर मोदी सरकार पर पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि 'खेलो इंडिया' के बजट में हरियाणा को सिर्फ 3 प्रतिशत (65 करोड़ रुपए) दिया गया है, जबकि गुजरात को 500 करोड़ से ज्यादा राशि मिली है।
 
हरियाणा से भेदभाव : हुड्‍डा ने कहा कि ओलंपिक में 21% खिलाड़ी हरियाणा के हैं। पिछले 4 ओलंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों में देश के लिए 40% से 50% मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। आम बजट की तरह केंद्र सरकार खेल बजट में भी हरियाणा को भूल गई। हरियाणा से भेदभाव करके किस बात का बदला ले रही सरकार?
सोशल मीडिया पर मिली सराहना : हुड्‍डा ने जब यह मुद्दा उठाया तो उन्हें एक्स पर काफी सराहना मिली है। शिव सिंह सांगवान ने लिखा- हरियाणा के खिलाड़ियों का पक्ष रखने के लिए धन्यवाद। सुख संधू ने लिखा- यह वाकई चिंता की बात है। हरियाणा के खिलाड़ियों की यह उपलब्धियां ध्यान में रखते हुए बजट वृद्धि होनी चाहिए। खिलाड़ियों को उनका हक मिलना चाहिए। शानू तिवारी ने लिखा- आप हरियाणा के लिए हीरा हैं।  
 
धूम सिंह नगोली ने लिखा- मेरी सभी हरियाणा के लोगों से अनुरोध है कि भाई दीपेंद्र सिंह हुड्डा जी की बात को ध्यान से सुनें। आप लोगों को समझ में आ जाएगा कि अनदेखी कितनी हो रही है आप लोगों की। सरकार हरियाणा को देश का हिस्सा ही नहीं मान रही। सरकार को करारा जवाब देना होगा, वोट की चोट से आने वाले विधानसभा चुनावों में। आकाश चालिया ने लिखा- सर, इन्हीं सब भेदभावपूर्ण नीतियों के कारण हमारा देश आज तक खेलों में पिछड़ा हुआ है, जिस क्षेत्र के लोगों की जो जरूरत है, वो ही सरकार मुहैया नही करा रही।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी