मध्यप्रदेश लगातार तीसरे साल दुष्कर्म के मामले में अव्वल

शुक्रवार, 10 जनवरी 2020 (14:19 IST)
नई दिल्ली। दुष्कर्म की घटनाओं के मामले में मध्यप्रदेश एक बार फिर शीर्ष पर है। वर्ष 2018 में राज्य में दुष्कर्म के 5433 मामले दर्ज हुए। इन आंकड़ों का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इनमें 54 मामले ऐसे थे, जिनमें लड़की की उम्र 6 साल से कम थी। 
 
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की बुधवार को जारी रिपोर्ट अनुसार वर्ष 2018 में देश में कुल 33 हजार 356 दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। इनमें से 5433 या लगभग 16 प्रतिशत अपराध मध्यप्रदेश में घटित हुए। रिपोर्ट के मुताबिक 2018 में आधे से ज्यादा मामले ऐसे थे, जिनमें लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम थी। 
 
वर्ष 2016 और साल 2017 में भी मध्यप्रदेश ही इस सूची में पहले स्थान पर था। वर्ष 2016 में राज्य में जहां बलात्कार की 4882 घटनाएं हुईं थीं। वहीं साल 2017 में 5562 घटनाएं सामने आई थीं।
 
इस सूची में राजस्थान दूसरे नंबर पर है। यहां दुष्कर्म की 4335 घटनाएं हुईं। अलवर जिले का दुष्कर्म का मामला काफी चर्चा में रहा था। अप्रैल में घटित इस मामले में बाजार जा रहे पति-पत्नी को 5 लोगों ने बुरी तरह पीटा फिर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
 
इस सूची में तीसरे नंबर पर रहे यूपी में दुष्कर्म की 3946 घटनाएं हुईं, जबकि इसके बाद महाराष्ट्र में 2142 घटनाएं हुईं। इस तरह के अपराध के मामले में पांचवें नंबर पर छत्तीसगढ़ (2091) रहा। 
 
हालांकि ये वे घटनाएं हैं जो पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि दुष्कर्म की बहुत सी घटनाएं पुलिस थाने तक पहुंच ही नहीं पातीं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी