दादरी मुद्दे को लेकर UN जाएंगे आजम खान, करेंगे भारत की शिकायत

सोमवार, 5 अक्टूबर 2015 (13:07 IST)
लखनऊ। दादरी कांड के मामले में अब उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान भी कूद पड़े हैं। इस मामले में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र जाने की धमकी दे दी है। आजम का कहना है कि उनके पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है।
दादरी कांड पर आज़म खान ने कहा कि बाबरी मस्जिद कांड के बाद जो हुआ वह सबको पता है। भाजपा को इसका फायदा हुआ। 6 दिसंबर की घटना के बाद मुजफ्फरनगर से इनको फायदा मिला और इसलिए बिहार चुनाव से पहले इस आग को लगाने की तैयारी है।
 
गोमांस को लेकर चुनौती दे रहे आजम खान ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की साजिश हो रही है। इसके साथ ही मुसलमानों के अधिकारों का हनन हो रहा है। मंत्री के अनुसार दादरी मामले में केंद्र सरकार की भूमिका नकारात्मक हो गई है।
 
आजम ने कहा कि दुनिया के सामने वे इस तस्वीर को लाएंगे। इससे पहले आजम ने बयान दिया था कि कथित गोभक्तों में यदि हिम्मत है तो वे जाकर बीफ परोसने वाले होटलों को वैसे ही तोड़ दें जैसे बाबरी मस्जिद को तोड़ा था।
 
आजम ने कहा कि मोदी जी गुलाबी क्रांति का नारा देकर खामोश हैं। हम कह रहे हैं कि आप अपने कार्यकर्ताओं को रोकिए। इस मुद्दे को हम यूएनओ तक ले जाना चाहते हैं। केवल दादरी नहीं पूरे मामलों को लेकर जाएंगे, वो दुनिया के ठेकेदार बनते हैं न। आज़म ने कहा कि रेड कार्पेट तो हिटलर को भी मिला था।
 
आजम ने कहाकि काटजू ने एक नहीं कई बार कहा है कि मैंने गोमांस खाया है। 5 सितारा होटलों में गोमांस बिकता है, तो लाइसेंस कौन दे रहा है, सरकार ही तो दे रही है। तो अगर खाने वाले का जुर्म है तो जहां परोसा जा रहा है उसका भी उतना जुर्म है।
 
उन्होंने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कोशिश की जा रही है। राजनाथ हिंदुओं के गृह मंत्री नहीं हैं। वो देश के हैं, इस तरह के बयान न दें। हम दादरी नहीं गए क्योंकि हम जानते हैं कि हमारे जाने से संगीत सोम जैसे लोगों को मौका मिलेगा और मासूम लोगों को इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें