दिल्ली में कांग्रेस और आप के रास्ते अलग-अलग, मिलकर नहीं लड़ेंगे चुनाव

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 31 जुलाई 2024 (19:15 IST)
Congress AAP will contest elections separately in Delhi: कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा है कि पार्टी आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections 2025) अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के कारण पार्टी को लोकसभा चुनाव में नुकसान हुआ है।
 
दिल्ली जोड़ो यात्रा : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) प्रमुख यादव ने मंगलवार को दिए साक्षात्कार में कहा कि पार्टी शहर में लोगों तक पहुंच बनाने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर ‘दिल्ली जोड़ो यात्रा’ निकालने की भी योजना बना रही है। यादव ने कहा कि गठबंधन (आप के साथ) देश के व्यापक हित में किया गया था, लेकिन अब जब हमने इसका मूल्यांकन किया है, तो हमें लगता है कि इससे कहीं न कहीं हमें नुकसान हुआ है। ALSO READ: मोदी सरकार की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से, कांग्रेस सांसद चन्नी ने लगाए गंभीर आरोप
 
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। हम विभिन्न कार्यक्रमों पर काम कर रहे हैं, चाहे वह संगठन को मजबूत करना हो या जनता से जुड़ने का कार्यक्रम हो। ‘दिल्ली जोड़ो यात्रा’ इन कार्यक्रमों के तहत निकाली जाएगी। ALSO READ: बजट को लेकर कांग्रेस ने कसा तंज, कुर्सी को बचाओ और मित्रों पर लुटाओ है सरकार का नारा
 
यादव ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘न्याय यात्रा’ की तर्ज पर इस यात्रा की तैयारी कर रही है और यह जल्द ही शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को निश्चित रूप से आमंत्रित किया जाएगा। 
 
पार्टी छोड़ने वालों से कोई फर्क नहीं : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़ने वाले पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और अन्य नेताओं के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि जब वह (लवली) भाजपा में शामिल हुए तो एक ऐसी धारणा बनाई गई, जिसके कारण लोकसभा चुनाव में हार हुई। लेकिन आज जब हम अपने संगठन और अपने कार्यकर्ताओं को देखते हैं तो हमें लगता है कि आगामी चुनावों में पार्टी छोड़ने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
 
जनता का समर्थन बढ़ा : यादव ने कहा कि कि शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने 15 साल तक सत्ता में रहते हुए शहर में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि उस समय सभी ने दिल्ली को बदलते देखा था। चाहे वह बुनियादी ढांचा हो, सामाजिक सुरक्षा हो या व्यक्तिगत, हर व्यक्ति को उसका अधिकार मिला। यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें लगता है कि पार्टी के प्रति जनता का समर्थन बढ़ा है।
 
दिल्ली कांग्रेस प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी समावेशी विकास में विश्वास करती है और उसने हमेशा पिछड़ों और दलितों की बेहतरी के लिए काम किया है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी