कांग्रेस नेता का विवादित बयान, हनीट्रैप का बड़ा कारण RSS नेताओं का अविवाहित होना...

शुक्रवार, 27 सितम्बर 2019 (12:52 IST)
मध्यप्रदेश में हनीट्रैप मामले के सनसनीखेज खुलासे के बाद भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को लेकर आक्रामक बयान दे रहे हैं। इसी बीच, कांग्रेस नेता माणक अग्रवाल ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हनीट्रैप मामले का सबसे बड़ा कारण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं का अविवाहित होना है। 
 
अग्रवाल ने कहा कि संघ के नेताओं को शादी कर लेनी चाहिए। संघ प्रमुख मोहन भागवत को भी विवाह कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी इस मामले में जांच कर रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पूर्व मुख्‍यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कार्यकाल में शुरू हुआ था। इस मामले में भाजपा के कई नेता शामिल हैं। साथ ही यह मामला 5 से 6 राज्यों में फैला हुआ है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में जांच अधिकारियों को महिलाओं से जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन में करीब 4000 फाइलें मिली हैं। इनमें कई अश्लील चैट के स्क्रीनशॉट, अश्लील वीडियो, समझौता करने वाले अधिकारियों के वीडियो और ऑडियो क्लिप शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक इन ऑडियो और वीडियो क्लिप में कथित तौर पर नौकरशाह, मंत्री और पूर्व सांसद शामिल हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी