दिल्ली कांग्रेस ने दिया बोनस के रूप में 2 माह का वेतन

बुधवार, 22 अक्टूबर 2014 (19:25 IST)
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव से पहले उत्साहवर्धन के प्रयास के तहत दिल्ली कांग्रेस ने बुधवार को अपने कर्मचारियों को दीपावली के उपहार के रूप में 2 महीने का वेतन दिया। गत 15 वर्षों में यह इस तरह की पहली वित्तीय सहायता है।
 
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति (डीपीसीसी) के अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने एक समारोह में दिल्ली कांग्रेस के 26 कर्मचारियों को बोनस वितरित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। डीपीसीसी के प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने बताया कि यह पहली बार है, जब कर्मचारियों को बोनस दिया गया है।
 
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी 15 साल से सत्ता में थी। संप्रग सरकार में दिल्ली से 3 केंद्रीय मंत्री थे, लेकिन डीपीसीसी के कर्मियों को कभी कोई बोनस नहीं दिया गया। इस बार हमने उन्हें बोनस देने का फैसला किया। 
 
शर्मा ने कहा कि इन कर्मियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अगले कुछ महीनों में होने वाले संभावित विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता ने दिल्ली विधानसभा को तत्काल भंग करने की भी मांग की और राष्ट्रीय राजधानी में स्थिति स्पष्ट नहीं करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला।
 
उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में ताजा चुनावों की मांग करते हैं और यदि चुनाव होते हैं तो हमें जीत का पूरा विश्वास है। पिछले साल दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 8 सीटें मिली थीं। इसने सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी को बाहर से समर्थन दिया था।
 
महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा की जीत के बाद दिल्ली में ताजा विधानसभा चुनाव की संभावना बढ़ रही है। इसकी दिल्ली इकाई भी शहर में ताजा जनादेश लेने के पक्ष में है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें