धमकीभरे ईमेल में किनका है उल्लेख?
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को एक ईमेल आया है, जिसमें विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकीभरे ईमेल की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसमें देश और दिल्ली के कई शीर्ष नेताओं के नामों का उल्लेख किया गया है। ईमेल के जरिए मिली धमकी में विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नाम का भी उल्लेख किया गया है। इस धमकी के बाद हड़कंप मच गया है।
सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट पर
इस धमकीभरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट पर हैं और विधानसभा परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। खबरों के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा से जुड़े आधिकारिक तंत्र को अलग-अलग समय पर दो धमकी भरे ईमेल मिले। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया, जबकि दूसरा सुबह 7:49 बजे सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की निजी ईमेल आईडी पर भेजा गया।
बजट सत्र का बढ़ाया समय
बम की धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पूरे विधानसभा की सुरक्षा चेक कराई जा रही है, हालांकि अभी तक कोई बम नहीं मिला है। बजट सत्र से ठीक पहले आई धमकी ने पूरे प्रशासन को चौकस कर दिया। विधानसभा में बजट पेश करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन धमकी के कारण कार्यवाही में देरी हुई। स्पीकर कार्यालय ने सत्र का समय आधे घंटे बढ़ा दिया, ताकि सुरक्षा जांच पूरी हो सके और सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
धमकी के बाद प्रशासन ने किया यह दावा
प्रशासन का दावा है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और किसी भी प्रकार की धमकी से डरा नहीं जा सकता। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर यूनिट ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
Edited By : Chetan Gour