BJP में शामिल होने की अटकलों पर दिगम्बर कामत ने लगाया विराम, कहा- व्यावसायिक दौरे के लिए जा रहा हूं दिल्ली

रविवार, 17 मार्च 2019 (18:42 IST)
पणजी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिगम्बर कामत रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वे ऐसे समय में दिल्ली जा रहे हैं जब सत्तारूढ़ भाजपा में उनके शामिल होने की अटकलें चल रही हैं। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐसे किसी कदम से इंकार किया है।
 
ऐसी अटकलें हैं कि कामत की भाजपा में वापसी हो सकती है और मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें राज्य सरकार में महत्वपूर्ण पद दिया जा सकता है।
 
कामत 2005 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। ‍उस समय भाजपा की राज्य इकाई में वे दूसरे नंबर की हैसियत रखते थे। 2007 से 2012 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामत रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए।
 
कामत ने गोआ हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कहा कि मैं व्यवसायिक दौरे के लिए दिल्ली जा रहा हूं। यह नितांत निजी मामला है।
 
भाजपा ने लगाया अफवाह फैलाने का आरोप : गोआ प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने भाजपा पर कामत को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कामत और कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए भाजपा यह सब कर रही है। चोडनकर ने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह इन अफवाहों से अपने सहयोगियों को भी डराना चाहती है। उन्होंने कहा कि कामत कांग्रेस में हैं और आगे भी रहेंगे।
 
इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय तेंदुलकर ने इन अटकलों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। संवाददाताओं ने उनसे पूछा था कि क्या शनिवार को भाजपा के विधायकों की बैठक में कामत के भगवा दल में शामिल होने पर चर्चा हुई थी।
 
भाजपा के 63 वर्षीय नेता और मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की तबीयत बिगड़ने से इस तटीय राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने रविवार को कहा कि वह स्थिति पर विचार कर रही है। पार्टी ने राज्य सरकार को ‘स्थिर’ बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा।
 
राज्य के मंत्री विजय सरदेसाई ने शनिवार को पर्रिकर से दोना पाउला स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तबीयत ‘बिगड़’ गई है लेकिन उनकी हालत ‘स्थिर’ है। (Photo: Twitter)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी