मंदी पर फिसली मंत्री की जुबान, कांग्रेस का सवाल- प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री क्या छिपा रहे हैं?

मंगलवार, 17 जनवरी 2023 (13:31 IST)
नई दिल्ली। आर्थिक मंदी पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (MSME) मंत्री नारायण राणे के बयान पर बवाल मच गया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की आर्थिक मंदी वाली टिप्पणी के बाद मंगलवार को पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश से क्या छिपा रहे हैं?
 
रमेश ने ट्वीट किया, '2014 के बाद से बर्बाद हो चुके एमएसएमई के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री नारायण राणे ने छह महीने बाद भारत में मंदी की भविष्यवाणी की है। उन्होंने जी20 सम्मेलन में पुणे में यह कहा है। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री देश से क्या छिपा रहे हैं।'
 
केंद्रीय मंत्री राणे ने पुणे में पत्रकारों से कहा था कि अगर भारत आर्थिक मंदी का सामना करता है तो यह जून के बाद ही होगा लेकिन केंद्र ऐसी स्थिति से बचने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
 
राणे ने आर्थिक मंदी की स्थिति का सामना करने के लिए भारत की तैयारियों के बारे में पूछने पर कहा था कि चूंकि हम मंत्रिमंडल में हैं, हमें जानकारी मिलती है (आर्थिक मंदी के बारे में) या प्रधानमंत्री मोदीजी हमें इस बारे में सुझाव देते हैं। मौजूदा समय में बड़े विकसित देश आर्थिक मंदी का सामना कर रहे हैं।
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार और मोदीजी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं कि नागरिक इससे प्रभावित न हों। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी