जून में GST collection बढ़ा, 12 प्रतिशत बढ़कर 1.61 लाख करोड़ से अधिक हुआ

शनिवार, 1 जुलाई 2023 (15:37 IST)
GST collections: वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) ने शनिवार को कहा कि जून में जीएसटी संग्रह 12 प्रतिशत बढ़कर 1.61 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया। 6 साल पहले 1 जुलाई 2017 को जीएसटी (GST) कर व्यवस्था लागू होने के बाद से सकल कर संग्रह (tax collection) चौथी बार 1.60 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा।
 
वित्त मंत्रालय ने कहा कि 2021-22, 2022-23 और 2023-24 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए औसत मासिक सकल जीएसटी संग्रह क्रमशः 1.10 लाख करोड़ रुपए, 1.51 लाख करोड़ रुपए और 1.69 लाख करोड़ रुपए है। बयान में कहा गया कि जून 2023 में सकल जीएसटी राजस्व संग्रह 1,61,497 करोड़ रुपए है। इसमें केंद्रीय जीएसटी 31,013 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी 38,292 करोड़ रुपए, एकीकृत जीएसटी 80,292 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 39,035 करोड़ रुपए सहित) है। इसके अलावा उपकर 11,900 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 1,028 करोड़ रुपए सहित) है।
 
राजस्व संग्रह 12 प्रतिशत अधिक : राजस्व संग्रह जून 2023 में पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक है। समीक्षाधीन महीने के दौरान घरेलू लेनदेन (सेवाओं के आयात सहित) से राजस्व सालाना आधार पर 18 प्रतिशत अधिक रहा। इससे पहले अप्रैल में जीएसटी राजस्व संग्रह 1.87 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। मई में यह 1.57 लाख करोड़ रुपए था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी