नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी सरकार की पहल के तहत सऊदी अरब ने भारत के वार्षिक हज कोटे में 34,500 की वृद्धि कर दी है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, 'सऊदी अरब ने भारत के वार्षिक हज कोटे में 34,500 की वृद्धि कर दी है।'
इस बारे में द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्रालय जेद्दा में किए गए। नकवी ने अपने बयान में कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि सऊदी अरब ने भारत के हज कोटे में 34,500 की वृद्धि कर दी है। 1988 के बाद पहली बार भारत से हज पर जाने वाले यात्रियों के कोटे में इतनी बड़ी वृद्धि की गई है।
नकवी ने बताया कि डॉ. मुहम्मद सालेह बेन्तेन से उनकी मुलाकात बहुत सकारात्मक एवं सार्थक रही जिसमे भारत से हाजियों के कोटे, हज 2017 के दौरान हज यात्रियों के लिए यातायात, निवास, सुरक्षा व्यवस्था आदि से सम्बंधित मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। (भाषा)