खुद को बरी पाकर खुश हुए कल्याण सिंह, कोरोना संक्रमण के चलते अस्पताल में हो रहा है उपचार

हिमा अग्रवाल

बुधवार, 30 सितम्बर 2020 (15:20 IST)
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण से ग्रसित भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह गाजियाबाद के यशोधरा अस्पताल में भर्ती है।
 
विवादित बाबरी मस्जिद ढांचे को गिराये जाने के मामले में कल्याण सिंह भी आरोपी थे। लेकिन आज अयोध्या मामले में सीबीआई कोर्ट का फैसला आते भी वह बेहद प्रसन्न नजर आयें, क्योंकि अदालत ने कल्याण सिंह समेत सभी 32 आरोपियों को बरी कर दिया है। कल्याण सिंह को उनके सांसद पुत्र राजवीर सिंह ने बधाई दी और कल्याण सिंह ने भी हर्ष व्यक्त किया।
 
गौरतलब है कि अयोध्या में 6 दिसंबर 1992 को ढहाए गए विवादित ढांचे के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया। इस मामले में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं सहित यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह शामिल थे। अदालत ने आज सभी 32 आरोपियों को निर्दोष मनाते हुए बरी कर दिया है।
 
बाबरी मस्जिद विध्वंस ढांचे की सुनवाई 28 वर्ष तक सीबीआई की विशेष अदालत में चली। आज सुनवाई के बाद ढांचा विध्वंस के आपराधिक मामले में फैसला आने पर कल्याण सिंह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक फैसला है और उन्होंने भारत की न्याय व्यवस्था पर गहरी आस्था जताई।
 
कोविड पॉजिटिव होने के कारण भाजपा नेता और पूर्व उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती है। जैसे ही कल्याण सिंह के बरी होने की खबर डॉक्टर और हॉस्पिटल स्टाफ ने सुनी तो वह बधाई देने पहुंच गए और उन्होंने कल्याण सिंह का मुंह भी मीठा कराया। डॉक्टरों के मुताबिक कल्याण सिंह की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी