कानपुर में लगे पोस्टर, राहुल गांधी को श्रीकृष्ण, अजय राय को बताया अर्जुन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 21 फ़रवरी 2024 (12:59 IST)
Rahul Gandhi news in hindi : उत्तर प्रदेश के कानपुर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लगे कुछ पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन पोस्टरों में राहुल गांधी को रथ पर सवार प्रभु कृष्ण और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय को अर्जुन के रूप में दिखाया गया है।
 
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले छावनी और घंटाघर इलाकों के पास स्थित माल रोड पर यह पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में राहुल गांधी अजय राय के सारथी बने हैं। पोस्टर पर लिखा हुआ है यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानि भवति भारत, अभ्युत्थानम अधर्मस्य तदा आत्मनं सृजामि अहम। 
 
पिछली 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत करने वाले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा बुधवार को उन्नाव के रास्ते कानपुर पहुंचेगी। राहुल कानपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
 
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप शुक्ला की तरफ से यह पोस्टर लगवाए गए हैं जिनमें नीचे की ओर उनकी तस्वीर लगी हुई है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी