खरगे बोले, संविधान खतरे में, लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 17 अगस्त 2025 (15:11 IST)
Voter Adhikar yatra : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि जब तक केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है, संविधान खतरे में है और लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की राजग सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी।
 
बिहार के सासाराम में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए लड़ती है।

खरगे ने कहा, चुनाव आयोग मोदी सरकार का एजेंट बन गया है। मोदी सरकार 2023 में एक कानून लेकर आई। इस कानून के तहत चुनाव आयोग के चेयरमैन या मेंबर कोई गड़बड़ करें, तो भी उन पर FIR या क्रिमिनल केस नहीं किया जा सकता।  मतलब सरकार ने 2023 में तैयारी की और 2024 में धोखाधड़ी की। इन लोगों ने वोट चोरी है, इसलिए हमें इन चोरों को हटाना है।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी को सरकार से नहीं हटाएंगे, तब तक जनता के वोट सुरक्षित नहीं रहेंगे, लोगों का हक सुरक्षित नहीं रहेगा, आजादी सुरक्षित नहीं रहेगी, संविधान सुरक्षित नहीं रहेगा। आप सब आगे आइए, इंडिया गठबंधन का साथ दीजिए और इन 'वोट चोरों' को गद्दी से हटाइए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है, संविधान खतरे में है और लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। वे वोट का अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग मोदी सरकार के एजेंट की तरह काम कर रहा है।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तारीफ की और कहा कि वह पिछले 100 साल से देश की सेवा कर रहा है... लेकिन इस संगठन ने अंग्रेजों के साथ काम किया। उन्होंने उन लोगों का समर्थन किया जो भारत की आजादी के खिलाफ थे। कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी