लालबागचा राजा में भक्‍तों को मार रहे धक्‍के, दर्शन में VIP को मजा, प्रजा को दे रहे सजा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 14 सितम्बर 2024 (13:18 IST)
मुंबई के गणेशजी लालबागचा का पांडाल पूरे देश में सबसे प्रसिद्ध है। यहां रोजाना लाखों भक्‍त दर्शन करते हैं। लेकिन यहां दर्शन को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों के लिए अलग और वीआईपी को करीब से दर्शन को लेकर भक्‍तों में नाराजगी है। इसके साथ ही जिस तरह से यहां आम लोगों को दर्शन के बाद धक्‍का मारकर आगे बढाया जा रहा है और वीआईपी को दर्शन के लिए सुविधाएं दी जा रही है, उसे लेकर लोगों में जमकर नाराजगी है।

ये वीडियो शर्म से भर देना वाला है...जो खुदको को धर्म के ठेकेदार बताते हैं...जो खुद को भगवान के मैसेंजर बताते हैं जरा ये वीडियो देखिए और बताइए कब और किस भगवान ने ऐसा भेदभाव अपने किसी भक्त के साथ किया होगा? #LalbaghchaRaja #Mumbai #Maharashtra pic.twitter.com/8KpVhT5V40

— Surabhi Tiwari???????? (@surabhi_tiwari_) September 13, 2024
बता दें कि कई वीडियो सोशल मीडिया में सामने आ रहे हैं, जिनमें लालबागचा के दर्शन के दौरान भक्‍तों से धक्‍का मुक्‍की की जा रही है। जो लोग दर्शन कर रहे हैं उन्‍हें धक्‍का मारकर दर्शन स्‍थल के सामने से हटाया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं। वहीं, यहां आने वाले वीआईपी आराम से दर्शन कर रहे हैं और उनके लिए सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। बता दें कि शिल्पा शेट्टी से लेकर विक्की कौशल-कार्तिक आर्यन और ऐश्वर्या राय बच्चन सहित कई बड़े सितारे गणपति बप्पा के दर्शन के लिए लालबाग पहुंच रहे हैं,वहीं अंबानी परिवार भी यहां दर्शन के लिए पहुंचे थे।

टीवी एक्‍ट्रैस सिमरन ने लगाए आरोप : कुमकुम भाग्य फेम सिमरन बुधरूप को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा में निराशाजनक अनुभव का सामना करना पड़ा। वह गणेश चतुर्थी के मौके पर गई थीं और उन्होंने खुलासा किया कि कैसे एक महिला बाउंसर ने उनकी मां के हाथ से फोन छीन लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी प्रसिद्ध पंडाल के सुरक्षा कर्मचारियों की आलोचना की है और ट्वीट किया है कि उन्हें यहां आना क्यों पसंद नहीं है।

भगवान की आत्मा उस जगह को छोड़ गई : उन्होंने आरोप लगाया कि लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान उन्हें न तो सकारात्मक और न ही नकारात्मक महसूस हुआ। ट्वीट में लिखा है, 'कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जब मैंने प्रसिद्ध लालबागचा राजा का दौरा किया, तो मुझे कोई मजबूत सकारात्मक या नकारात्मक भावना महसूस नहीं हुई। यह मेरे लिए सिर्फ न्यूट्रल था। मेरा मानना है कि जब धार्मिक स्थानों का व्यवसायीकरण हो जाता है और लोगों को पैसे के आधार पर अलग किया जाता है, भगवान की सच्ची आत्मा उस जगह को छोड़ देती है।'

वीडियो देख क्‍या कह रहे लोग : इस वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के कमेंट्स भी आ रहे हैं। एक ने लिखा कि ऐसी जगहों पर VVIP एंट्री बंद होनी चाहिए, इससे बहुत परेशानी होती है। एक ने लिखा कि यह व्यवहार सच में दिल तोड़ता है आस्था के प्रति। अब इसे वीआईपी व्यवस्था ना कहें तो क्या कहें? सच में सब पैसों का खेल है। एक ने लिखा कि भगवान को बिजनेस का हिस्सा बना लिया है लोगों ने। एक ने लिखा कि इससे अच्छा है मंदिर स्वेच्छा से जाओ, बाकी अपने माता-पिता की सेवा करो।
Edited By: Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी