चुनाव की घोषणा से ठीक पहले ममता का बड़ा दांव, दिहाड़ी मजदूरों की मजदूरी बढ़ाई

शुक्रवार, 26 फ़रवरी 2021 (16:28 IST)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की घोषणा से ठीक पहले मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दिहाड़ी मजदूरों को तोहफे की घोषणा कर दी। दीदी ने मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने का अहम फैसला लिया है। यह फैसला ममता ने आचार संहिता लागू होने के कुछ ही मिनट पहले लिया है। इस घोषणा का लाभ राज्य के 50 हजार से ज्यादा श्रमिकों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर अपने फैसले की जानकारी दी। घोषणा के मुताबिक अकुशल दिहाड़ी 
मजदूरों की मजदूरी 144 रुपए से बढ़ाकर 202 रुपए करने की घोषणा की है गई है, जबकि अर्ध कुशल श्रमिकों 
को 172 रुपए के स्थान पर 303 रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही कुशल श्रमिकों को अब 404 रुपए प्रतिदिन की दर से मजदूरी मिलेगी।

ममता ने ट्‍वीट में बताया कि इस घोषणा से राज्य के 56 हजार 500 श्रमिकों को लाभ होगा। इनमें 40 हजार 500 अकुशल श्रमिक हैं, जबकि 8000 अर्धकुशल श्रमिक। कुशल श्रमिकों की संख्या 8000 है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वित्त वर्ष 21 और 22 के लिए बजट भी उपलब्ध कराया जा चुका है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी