गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में भारत-पाक सीमा के बदले स्पेन-मोरक्को सीमा की तस्वीर

गुरुवार, 15 जून 2017 (08:08 IST)
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने अपनी सालाना रिपोर्ट में स्पेन-मोरक्को सीमा की एक तस्वीर का इस्तेमाल भारत और पाकिस्तान की सीमा के रूप में किया है। मामला सामने आते ही बवाल मच गया। इस पर केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो मंत्रालय माफी मांगेगा।
 
यह तस्वीर 2016-17 के लिए मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट में प्रकाशित हुई है। इस तस्वीर के साथ शीर्षक 'सीमा पर फ्लडलाइट' लगाया गया है। इस रिपोर्ट में भारत-पाक सीमा पर फ्लडलाइट के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर स्पेन और मोरक्को सीमा की है।
 
केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि ने कहा कि मंत्रालय यह पता लगाएगा कि क्या यह तस्वीर भारत-पाक सीमा की नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलती हुई है तो हम माफी मांगेंगे।
 
सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय के अधिकारी यह पता करने का प्रयास कर रहे हैं कि तस्वीर कहां से ली गई। यह सीमा सुरक्षा बल से ली गई हो सकती है जो 3323 किलोमीटर लंबी सीमा के एक बड़े हिस्से की सुरक्षा करता है। (भाषा)
(चित्र सौजन्य: सोशल मीडिया) 

वेबदुनिया पर पढ़ें