मोदी कैबिनेट से कई मंत्रियों का इस्तीफा, जानिए क्या बताया कारण...

बुधवार, 7 जुलाई 2021 (14:27 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार की शाम को होने वाले फेरबदल व विस्तार से पहले कई मंत्रियों ने पद से इस्तीफा दे दिया। इनमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी प्रमुख हैं।
 
शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। निशंक कुछ समय पहले कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। ठीक होने के बाद उन्हें दोबारा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के मद्देनजर अस्तपाल में भर्ती होना पड़ा था।
 
श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। गंगवार उत्तरप्रदेश के बरेली से लोकसभा सांसद हैं। गंगवार बरेली में विकास पुरुष के नाम से प्रसिद्ध हैं।
 
सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। राज्यपाल बनाए जाने की घोषणा के तुरंत बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, उर्वरक और रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा तथा महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी की भी मोदी मंत्रिमंडल से छुट्‍टी कर दी गई है। देबाश्री चौधरी पश्चिम बंगाल से आती हैं और रायगंज सीट से लोकसभा सांसद हैं। बताया जा रहा है हर्षवर्धन ने भी स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी