मुलायम सिंह यादव की मैनपुरी सीट से बहू डिंपल लड़ेंगी चुनाव

गुरुवार, 10 नवंबर 2022 (12:30 IST)
लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी सीट पर होने वाले उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को उम्मीदवार बनाए जाने की गुरुवार को घोषणा की है। डिंपल अखिलेश यादव की पत्नी एवं स्व. मुलायम सिंह यादव की बहू हैं। 
 
समाजवादी पार्टी ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर कहा- समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव-2022 हेतु डिंपल यादव पूर्व सांसद को प्रत्याशी घोषित किया है। मैनपुरी सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होना है।

डिंपल यादव पूर्व में कन्नौज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद रह चुकी हैं। डिंपल कन्नौज लोकसभा के लिए 2012 में हुए उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में डिंपल कन्नौज से ही भाजपा के सुब्रत पाठक से 10 हजार से अधिक मतों के अंतर से हार गई थीं। 
 
डिंपल से पहले मैनपुरी सीट के लिए तेजप्रताप यादव का नाम भी चला था। तेजप्रताप मुलायम सिंह यादव के पोते हैं। इस बीच, यह भी खबर है कि मैनपुरी सीट से भाजपा मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को चुनाव लड़ा सकती है। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी