निर्भया के माता-पिता की मांग, नृशंस किशोर का दिखाएं चेहरा

गुरुवार, 26 नवंबर 2015 (08:29 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली में 16 दिसंबर की सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद जान गंवाने वाली लड़की के माता-पिता ने मांग की है कि सभी छह अपराधियों में सबसे नृशंस रहे किशोर उम्र के दोषी को रिहा किए जाने से पहले दुनिया को उसका चेहरा दिखाया जाना चाहिए कि वह समाज के लिए खतरा है।
पीड़िता के माता-पिता ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मांग की है। लड़की के पिता ने कहा, ‘हमें मीडिया से पता चला कि किशोर दोषी बाल सुधार गृह में जिहाद की सीख प्राप्त कर रहा था जो बहुत खतरनाक बात है।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘वह सभी छह दोषियों में सबसे ज्यादा नृशंस भी था और उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं लग रहा है। उसको रिहा करना समाज के लिए खतरे की बात है। हम नहीं चाहते कि जो हमारी बेटी के साथ हुआ है, किसी और के साथ हो।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘अगर फिर भी उसे रिहा किया जाता है तो उसका चेहरा दुनिया को दिखाया जाना चाहिए।’ पिता ने कहा कि लड़के को छोड़ने से पहले उसकी सोच का आकलन करना महत्वपूर्ण है। माता-पिता की शिकायत पर आयोग ने केंद्र और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें