जुलाई में ऑनलाइन नियुक्ति गतिविधियां 19% बढ़ीं

बुधवार, 3 अगस्त 2016 (20:05 IST)
नई दिल्ली। एक सर्वेक्षण के अनुसार ऑनलाइन नियुक्ति गतिविधियों में जुलाई में सालाना  आधार पर 19 प्रतिशत की वृद्धि आई है जबकि पिछले महीने के मुकाबले 2 प्रतिशत की वृद्धि  दर्ज की गई है। नियुक्तियों में यह तेजी मुख्य तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं शिक्षा क्षेत्र के चलते आई है।
 
मॉनस्टर एंप्लॉयमेंट इंडेक्स जुलाई में 243 रहा जबकि जून में यह 237 था। पिछले साल  जुलाई 2015 में यह 204 था जिसके हिसाब से इस साल यह 19 प्रतिशत अधिक है।
 
मॉनस्टर डॉट कॉम के प्रबंध निदेशक (एशिया-प्रशांत एवं पश्चिमी एशिया) संजय मोदी ने कहा  कि ऑनलाइन नियुक्ति गतिविधियों में ऊपर जाने का रुझान दिखाई दे रहा है और संपूर्ण तौर  पर इस साल यह महत्वपूर्ण गति पकड़े रहेगा।
 
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नौकरियों की कटौती के बावजूद इस महीने इस क्षेत्र में नियुक्तियों  में सकारात्मक रुख रहा। इसके अलावा इस साल की शुरुआत से ही सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में  ध्यान दिए जाने के चलते इस क्षेत्र में भी नियुक्तियां बढ़ी हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें