प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना और रेलवे विद्युतीकरण के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का भी विस्तृत विवरण दिया। शोरानूर जंक्शन, कुट्टीपुरम और चांगनास्सेरी में आधुनिकीकरण के प्रयासों के साथ-साथ नई पलक्कड़-पोल्लाची ट्रेन सेवा से केरलम और तमिलनाडु दोनों राज्यों के निवासियों के यात्रा अनुभव में बड़ा बदलाव आने वाला है। स्थानीय विकास पर केन्द्रीय बजट के पड़ने वाले प्रभाव पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि आज दुनिया आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे निवेश के लिए भारत की प्रशंसा करती है।
अपने नागरिकों को बेसहारा नहीं छोड़ते
मोदी ने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों को कहीं भी बेसहारा नहीं छोड़ता। हम पश्चिम एशिया में फंसे भारतीयों को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर हैं। हमारी एम्बेसी और संस्थाएं लोगों की मदद के लिए 24x7 काम कर रही हैं। राज्य के एलडीएफ और यूडीएफ गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इनके दोगले लोगों को केरल ने पहचान लिया है। मोदी ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज को केरल समेत भारत के युवाओं के बारे में कोई समझ नहीं है।