प्रियंका गांधी का पलटवार, संविधान की आत्मा पर प्रहार करने वाले मनाएंगे संविधान हत्या दिवस

शनिवार, 13 जुलाई 2024 (18:05 IST)
Priyanka Gandhi hits back at BJP: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर शनिवार को निशाना साधते हुए कहा कि इसमें आश्चर्य की क्या बात है कि संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार करने वाले लोग संविधान हत्या दिवस मनाएंगे। केंद्र ने 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी दिन 1975 में आपातकाल की घोषणा की गई थी। ALSO READ: 25 जून को हर साल मनेगा संविधान हत्या दिवस, कांग्रेस ने साधा निशाना
 
कौन करेगा संविधान की रक्षा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि संविधान हत्या दिवस 25 जून को मनाया जाना ‘हमें याद दिलाएगा कि जब संविधान को रौंदा गया था, तो क्या हुआ था।’ प्रियंका ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत की महान जनता ने ऐतिहासिक लड़ाई लड़कर अपनी आजादी और अपना संविधान हासिल किया है। जिन्होंने संविधान को बनाया, जिनकी संविधान में आस्था है, वे ही संविधान की रक्षा करेंगे। ALSO READ: अभिभाषण में पेपर लीक, आपातकाल और संविधान पर क्या बोलीं राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू?
 
भाजपा पर साधा निशाना : उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने संविधान लागू करने का विरोध किया, संविधान की समीक्षा करने के लिए आयोग बनाया, संविधान खत्म करने का आह्वान किया, अपने फैसलों और कृत्यों से बार-बार संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार किया, वे नकारात्मक राजनीति वाला ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाएंगे ही, इसमें आश्चर्य कैसा?
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी