Wayanad Election : प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को दाखिल करेंगी नामांकन, भाई राहुल के साथ करेंगी रोडशो

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 21 अक्टूबर 2024 (17:06 IST)
Priyanka Gandhi Vadra News : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार (23 अक्टूबर) को वायनाड संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल करेंगी और इस मौके पर पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार नामांकन से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रोडशो करेंगे।
 
प्रियंका गांधी के नामांकन दाखिल करने के मौके पर सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस मौके पर मौजूद रहेंगे। वायनाड से निर्वाचित होने पर प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी।
ALSO READ: कौन हैं नाव्या हरिदास, जो वायनाड में प्रियंका गांधी को देंगी चुनौती?
वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं। लोकसभा चुनाव के कुछ दिनों बाद जून में कांग्रेस ने घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र रखेंगे और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी पारी की शुरुआत करेंगी।
ALSO READ: क्या गारंटी है कि प्रियंका गांधी जीतती हैं तो वायनाड में ही रहेंगी?
निर्वाचित होने पर प्रियंका गांधी पहली बार सांसद बनेंगी तथा यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के 3 सदस्य- सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका एकसाथ संसद में होंगे। वायनाड संसदीय सीट और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा के पहले चरण के मतदान के साथ होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।(भाषा)
Edited by : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी