Prophet Controversy: देश में कई जगह बवाल, प्रयागराज में पथराव में DM घायल, 6 लोग हिरासत में

शुक्रवार, 10 जून 2022 (16:45 IST)
नई दिल्ली। भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर दिए विवादित बयान के बाद बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद देश यूपी से लेकर कश्मीर तक बवाल मचा। प्रयागराज में उपद्रवियों ने पथराव किया, जिसमें कलेक्टर घायल हो गए। पुलिस ने यहां 6 लोगों को हिरासत में लिया है। 
 
वेबदुनिया संवाददाता हिमा अग्रवाल की रिपोर्ट के अनुसार यूपी में कई जगहों पर जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन शुरू हो गया। जिसमें प्रयागराज में प्रदर्शन उग्र होने लगा तो पुलिस को लाठियां भी भांजनी पड़ी। इसी कड़ी में मुरादाबाद, सहारनपुर इलाके में मुस्लिमों ने प्रदर्शन करते हुए नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि यूपी में कानपुर मामले से सबक लेते हुए पुलिस ने जुमे की नमाज पहले से अलर्ट मोड़ में थी, अधिकांश जिलों में बड़ी संख्या में RAF सहित पुलिस बल तैनात है। पुलिस सतर्कता के बीच कुछ जिलों में जुमे की नमाज के बाद हंगामा हुआ है।
जम्मू कश्मीर से वेबदुनिया संवाददाता सुरेश डुग्गर की रिपोर्ट के मुताबिक चिनाब वैली के दो जिलों में कर्फ्यू लागू कर सेना बुला ली गई है। जबकि दो अन्य में धारा 144 लागू कर दी गई है। हालात तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। जबकि कश्मीर में हड़ताल हो गई। शुक्रवार को श्रीनगर सहित घाटी के कुछ अन्य हिस्सों में बाजार और कारोबार बंद है। हालांकि, यातायात व्यवस्था जारी है, लेकिन शहर में अधिकतर दुकानें और मुख्य बाजार बंद हैं।
 
चौक-चौराहों पर पुलिस और सुरक्षाबल के जवान तैनात हैं। वहीं, श्रीनगर में सुरक्षा को देखते हुए इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हड़ताल हो गई। अचानक हुई हड़ताल को देखते हुए प्रशासन ने भी पूरी वादी में सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए। श्रीनगर के कई हिस्सों में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा को भी बंद कर दिया गया है।
 
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के नवी मुंबई, शोलापुर आदि स्थानों पर भी जुमे की नमाज के बाद हंगामे की खबरें हैं। 

नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में भी उपद्रव की खबर है। 
 
‍पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस मामले में मुखय सचिव से रिपोर्ट मांगी है। 
 
जुमे की नमाज के बाद झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड पर नमाजियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पथराव में कुछ पुलिसवालों को चोटें भी आई हैं। 
 
 
यूपी के लखनऊ, प्रयागराज और सहारनपुर में भी जुमे की नमाज के बाद नूपुर शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया किया। यहां भी प्रदर्शनकारियों ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। प्रयागराज में नमाज के बाद जमकर हंगामा हुआ। पुलिस पर पथराव किया गया। इस दौरान एडीजी की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए। एडीजी की गाड़ी का शीशा टूट गया। गनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
 

#WATCH | Stones hurled during clashes in Atala area of UP's Prayagaraj over controversial remarks of suspended BJP leader Nupur Sharma and expelled BJP leader Naveen Kumar Jindal. pic.twitter.com/fZGmQYezs7

— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 10, 2022
जुमे की नमाज के बाद दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारी नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद संबंधी बयान का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शन कारी हाथों में पोस्टर और बैनर लिए हुए लोग नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
 
जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि मुझे प्रदर्शन के बारे में नहीं पता। कुछ लोग अचानक गेट नंबर 1 के बार नारेबाजी करने लगे। वो कौन है मुझे नहीं पता।
 
कर्नाटक के बेलागावी शहर में फोर्ट रोड स्थित मस्जिद के नजदीक शरारती तत्वों ने भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के पुतले को बिजली के तार से बने फंदे से लटका दिया। चूंकि इस हरकत से जनाक्रोश पैदा हो सकता था, लिहाजा पुलिस ने नगर निगम के कर्मियों के साथ मिलकर तुरंत पुतला वहां से हटा दिया।
 
पुलिस ने मामले में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ समुदायों के बीच द्वेष पैदा करने और सामाजिक शांति भंग करने संबंधी धाराओं के तहत प्रथमिकी दर्ज की है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी