दिल्ली में हुई हल्की बारिश, न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा

शनिवार, 22 जनवरी 2022 (11:43 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के विभिन्न भागों में आज शनिवार तड़के हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से 4 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
 
दिल्ली में 22 जनवरी तक 68 मिमी बारिश हो चुकी है, जो 1995 के बाद से सर्वाधिक है। 1995 में 69.8 मिमी बारिश हुई थी। सफदरजंग वेधशाला में शनिवार को सुबह 8 बजे तक 5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 21 से 23 जनवरी के बीच व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। आईएमडी ने आज गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।
 
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 8.30 बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 337 था।

ALSO READ: दिल्ली-NCR में हुई बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
 
पड़ोसी शहरों में भी शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में रही। फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 350, गाजियाबाद का 313, गुडगांव का 306 और नोएडा का 307 रहा। 0 और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' तथा 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी