Sukhdev Murder Case : सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग, आखिर क्या थी दुश्मनी?

मंगलवार, 5 दिसंबर 2023 (17:16 IST)
जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह की हत्या ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। मीडिया खबरों में सामने आया है कि सुखदेव सिंह को इल्म था कि उन्हें मारने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने वक्त रहते ही गहलोत सरकार और पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। उनकी जान बच जाती अगर उन्हें सुरक्षा मिल गई होती।

हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य रोहित गोदारा कपूरीसर नाम के फेसबुक पेज से हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए एक पोस्ट की गई है। इमसें सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर लॉरेंस के दुश्मनों के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया गया है। 
 
लंबे समय से फरार है गोदारा : रोहित गोदारा लंबे समय से फरार है। उसके सिर एक लाख का इनाम भी है। राजू ठेहट की हत्या में भी रोहित गोदारा का नाम सामने आया था। बीकानेर के लूणकरणसर में कपूरीसर का रहने वाला रोहित गोदारा 19 साल की उम्र से ही अपराधी बन गया था। तमाम घटनाओं में वह करीब 15 बार जेल भी जा चुका है। गोदारा ने अपना गैंग तैयार किया साथ ही मोनू गैंग और गुठली गैंग को भी संभालता है।
 
घर में घुसकर चलाई गोली : पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर श्यामनगर इलाके में चार-पांच हथियारबंद गोगामेड़ी के घर में घुसे और उन्होंने उन पर गोलियां चला दीं।
 
क्या बोले DGP : राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर DGP उमेश मिश्रा ने कहा कि आज जयपुर में करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई। हत्यारे बातचीत करने के बहाने उनके घर आए थे... इस घटना में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी और उनके एक बॉडीगार्ड को गोली लगी।
 
हत्यारों के साथ आए एक आरोपी को भी गोली लगी, जिसकी मृत्यु हो गई है। बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हमने हरियाणा DG से बात कर सहायता मांगी है। रोहित गोदारा गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
 
जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि मंगलवार दोपहर को श्यामनगर इलाके में हुई इस गोलीबारी में एक हमलावर की भी मौत हो गई।
 
उन्होंने बताया कि गोगामेड़ी के घर के बाहर से एक व्यक्ति की स्कूटी छीनकर फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
इकट्ठा हुए समर्थक : इस घटना की खबर फैलते ही गोगामेड़ी के समर्थक और राजपूत समाज के लोग उनके घर और अस्पताल पहुंचने लगे। गोगामेड़ी के एक रिश्तेदार ने अस्पताल के बाहर कहा कि उन्हें पहले भी धमकी दी गई थी और उन्हें हमले की आशंका थी।

उन्होंने बताया कि धमकी के बारे में पुलिस को भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई। हम घटना में संलिप्त दो आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हत्या की साजिश रचने वाले भी पकड़े जाएंगे।

कालवी से हुए थे मतभेद : करणी सेना के संस्थापक और संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी के साथ मतभेदों के बाद गोगामेड़ी 2015 में श्री राजपूत करणी सेना से अलग हो गए और उन्होंने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का गठन किया। इन दोनों संगठनों ने राजपूत समुदाय के संदर्भ में ऐतिहासिक तथ्यों से कथित छेड़छाड़ को लेकर फिल्म पद्मावत का विरोध किया था।
 
क्या बोले शेखावत : केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को कहा है। शेखावत ने 'एक्स' पर कहा,‘‘ (मैं) राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। इस संदर्भ में (मैंने) पुलिस आयुक्त से जानकारी ली है और उन्हें आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा है।’’
 
उन्होंने कहा कि लोगों को शांति और धैर्य रखना होगा। भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राज्य को अपराध मुक्त करना हमारी अग्रणी प्राथमिकताओं में है। एजेंसियां

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी