विश्व के सर्वश्रेष्ठ पर्यटक आकर्षणों की नई सूची, 'ताज महल' शीर्ष पांच में

लंदन। 'ताज महल' विश्व के सर्वश्रेष्ठ पर्यटक आकर्षणों की एक नई सूची में शीर्ष पांच में शामिल है। ट्रैवल गाइड बुक ‘लोनली प्लैनेट’ के ‘अल्टीमेट ट्रैवलिस्ट’ की सूची में ताजमहल को दुनिया का पांचवां सबसे आकर्षक पर्यटक गंतव्य बताया गया है। इसमें ताज महल को ‘मुगल काल की उत्कृष्ट कृति’ बताया गया है।
सूची के अनुसार मुगल शहंशाह शाहजहां द्वारा आगरा में बनवाया गया ताज महल अमर प्रेम की कहानी बयां करता है। इसमें कहा गया कि भारत में कोई और इमारत मुगल काल के माहौल और ठाठ को इतने बेहतरीन तरीके से पेश नहीं करती।
 
उत्तरी कंबोडिया में स्थित यूनेस्को विश्व विरासत स्थल अंकोरवाट मंदिर सूची में पहले स्थान पर है, जहां हर साल 20 लाख से अधिक पर्यटक जाते हैं।
 
ऑस्ट्रेलिया का ग्रेट बैरियर रीफ सूची में दूसरे, पेरू का ऐतिहासिक स्थल माचू पिच्चू तीसरे, चीन का ग्रेट वॉल चाइना चौथे स्थान पर है जबकि ताज महल ने पांचवां स्थान पाया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें