Weather Prediction : भारत में कई जगह तेज हवा, गरज, ओले और हो सकती है भारी बारिश

मंगलवार, 9 जून 2020 (19:50 IST)
पुणे। तटीय आंध्रप्रदेश, ओडिशा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा होने का अनुमान है।
 
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फरपुर में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की गति की हवा और गरज के साथ बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। पंजाब और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे तक की गति की हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं।
 
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
  
दक्षिण पश्चिम अरब सागर और बंगाल की उत्तरी खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश में 45-55 किमी प्रति घंटे की तेज गति के साथ हवा चलने का अनुमान है और मौसम के ख़राब रहने के आसार हैं। इसलिए मछुआरों को इन इलाकों के समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
 
दक्षिण पश्चिम मानसून, पश्चिम मध्य और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके साथ ही  मध्य अरब सागर, गोवा, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ हिस्सों तथा रायलसीमा और तमिलनाडु के शेष हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, बंगाल के मध्य और उत्तरी खाड़ी के कुछ और हिस्से और उत्तर पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्से में अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।
 
दिन का तापमान पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में सामान्य से काफी ऊपर रहा। असम, मेघालय, तटीय आंध्रप्रदेश में तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
 
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान सामान्य से अत्यधिक नीचे रहा  जबकि बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कोंकण, गोवा के कुछ हिस्सों में तथा हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।
 
अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में तथा उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। गंगानगर और फलौदी (पश्चिम राजस्थान) में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, सौराष्ट्र, कच्छ, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को 8:30 बजे से मंगलवार को 5:30 बजे के बीच हवा के साथ बारिश हुई।
 
पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिम बंगाल के पर्वतीय हिस्से, सिक्किम और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में अधिकांश स्थानों पर, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक के कई स्थानों पर तथा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, गुज़रात, तटीय आंध्रप्रदेश और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों के साथ ही असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और केरल में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या फिर गरज के साथ छींटे पड़े। पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मराठवाड़ा और रायलसीमा में मौसम शुष्क रहा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी