Weather Update : पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण पश्चिमी मानसून की विदाई हो गई। मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश समेत देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। इस बीच बिहार के 9 जिलों में वज्रपात से 10 लोगों की मौत हो गई।
मानसून की वापसी : भारत में 17 सितंबर की सामान्य तिथि से 8 दिन बाद सोमवार से मानसून की वापसी शुरू हो गई। दक्षिण पश्चिम मानसून आज दक्षिण पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों से लौटना शुरू हो गया। दक्षिण पश्चिम राजस्थान से इसके लौटने की सामान्य तिथि 17 सितंबर थी। यह लगातार 13वीं बार है जब मानसून देरी से लौट रहा है।
बिहार में वज्रपात से 10 की मौत : बिहार के 9 जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान वज्रपात से 10 लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के दौरान वज्रपात से गया में 2, जमुई, औरंगाबाद, बक्सर, कटिहार, नालंदा, लखीसराय, भागलपुर एवं बांका में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम : पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और सिक्किम में बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा में भी बरसात हुई।
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, कर्नाटक और पूर्वी गुजरात और दक्षिणपूर्व राजस्थान में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, लक्षद्वीप, सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश की संभावना है।