Weather Update news : मानसून अब एक बार फिर अपना असर दिखाने लगा है। देश के कई राज्यों में अभी भी इसकी रफ्तार बनी हुई है। ऐसे में मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई में रेड अलर्ट की चेतावनी के बीच रातभर भारी बारिश हुई लेकिन आज सुबह तक बारिश की तीव्रता कम हो गई। मध्य प्रदेश में आज इंदौर संभाग के अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। आईएमडी के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए कहा कि मुंबई में बादल छाए रहेंगे, भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और मुंबई एवं उपनगरों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार को इंदौर संभाग के अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन में अगले 24 घंटे में 2.5 से 4.5 इंच तक बारिश होने की संभावना। 27-30 सितंबर तक मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और मध्य भारत में भी मानसून फिर असर दिखाएगा।
स्काईमेट वेदर (Skymetweather) के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान, केरल, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी बारिश हुई। विदर्भ, तटीय ओडिशा और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगह भारी बौछारें पर दर्ज की गईं। तटीय कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, मराठवाड़ा, कोकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, झारखंड, गंगा-पश्चिम बंगाल और दक्षिण मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। वहीं दक्षिण गुजरात, सिक्किम और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश देखी गई।
स्काईमेट वेदर (Skymetweather) के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान-निकोबार द्वीप, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, केरल और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं भारी देखने को मिल सकती है। छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप मे हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण गुजरात में हल्की बारिश हो सकती है।
Edited By : Chetan Gour