CM अरविन्द केजरीवाल ने क्यों कहा, दिल्ली में जंगलराज है...

मंगलवार, 27 जून 2023 (16:00 IST)
Arvind Kejriwal News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान के नजदीक स्थित अंडरपास में हुई लूटपाट की घटना की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर केंद्र सरकार और उपराज्यपाल पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जब दिल्ली जी-20 सम्मेलन की तैयारी कर रही है ऐसे समय यहां ‘जंगलराज’ कायम हो गया है।
 
केजरीवाल ने दावा किया कि अगर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को यहां की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दे दी जाए तो वह इसे देश का सबसे ‘सुरक्षित शहर’ बना देगी।
 
लूट की 2 घटनाएं : उल्लेखनीय है कि प्रगति मैदान के नजदीक अंडरपास में चार मोटरसाइकिल सवारों ने एक डिलीवरी एजेंट और उसके साथी से बंदूक के दम पर दो लाख रुपये लूट लिए थे। शनिवार की इस घटना के सिलसिले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो लोगों ने फर्जी सीमाशुल्क अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से कथित रूप से 4 लाख रुपए से अधिक मूल्य की विदेशी मुद्रा लूट ली।
 
केन्द्र के पास ठोस योजना नहीं : इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन करने के लिए आयोजित कार्यक्रम से इतर केजरीवाल ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार के पास दिल्ली में कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 लोगों ने प्रगति मैदान अंडरपास के पास लूटपाट को अंजाम दिया। जी-20 शिखर सम्मेलन अंडरपास के नजदीक होगा। दिल्ली में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह ‘जंगलराज’ है।
उन्होंने एक अन्य घटना का हवाला देते हुए सवाल किया कि दिल्ली में क्या हो रहा है? क्या राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी होनी चाहिए? उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्रत्री और उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने पिछले सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर एक दूसरे पर आरोप लगाते पत्र भेजे थे।
 
उपराज्यपाल पर ‘आप’ सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा (कानून व्यवस्था की) स्थिति के लिए एक ही कारण जिम्मेदार है और वह यह है कि केंद्र और उपराज्यपाल अपनी सारी ऊर्जा दिल्ली सरकार के काम को रोकने में लगा रहे हैं।
 
हम दिल्ली को बनाएंगे सुरक्षित : उन्होंने कहा कि वे हमारे स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिक, जलापूर्ति और बिजली से जुड़े कार्यों को रोकने के तरीके के बारे में सोचते हैं। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वे हमें काम करने दें और वे अपना काम करें। अगर वे कानून व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो यह जिम्मेदारी हमें दे दें। हम दिल्ली को देश का सबसे सुरक्षित शहर बनाएंगे।’’
 
रात्रि गश्त के दौरान 1500 हिरासत में : दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रात की गश्त बढ़ा दी है और इस दौरान उसके मध्य जिले से 1500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा करीब 270 वाहन जब्त किए गए हैं। 
 
दिल्ली में कुछ दिन पहले प्रगति मैदान सुरंग में चार मोटरसाइकिल सवार लोगों द्वारा बंदूक दिखाकर दो लोगों से कथित रूप से दो लाख रुपए लूटने की घटना के बाद गश्त बढ़ा दी गई है। शनिवार को घटी इस घटना के सिलसिले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अकेले मध्य जिले में सोमवार रात को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत 1500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और 270 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया। (भाषा/वेबदुनिया)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी