गत ओलिम्पिक चैंपियन रूस की एलेना इसिनबाएवा ने अपने ही रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए बीजिंग ओलिम्पिक खेलों में महिलाओं की ऊँची कूद स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।
इस वर्ष में यह तीसरी बार है जब इसिनबाएवा ने नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। यहाँ बीजिंग से पहले वे इस वर्ष रोम और मोनाको में विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर चुकी हैं। इसिनबाएवा ने 5.05 मी. की ऊँचाई पार की। उन्होंने अपने पुराने रिकॉर्ड को 0.01 सेमी से ध्वस्त किया।
इस रिकॉर्ड के बाद इसिनबाएवा ने देश के राष्ट्रीय ध्वज के साथ स्टेडियम का चक्कर लगाया। इसिनबाएवा ने अपने तीसरे प्रयास में यह रिकॉर्ड ध्वस्त किया। चार वर्ष पहले एथेंस ओलिम्पिक में भी इसिनबाएवा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।
अमेरिका की जेनिफर स्टुस्जन्की ने 4.80 मी. के साथ रजत और एथेंस ओलिम्पिक की रजत पदक विजेता रूस की स्वेतलाना फेओफानोवा ने 4.75 मी. के साथ काँस्य पदक पर कब्जा किया।
स्नोसिल का स्वर्ण पर कब्जा : ऑस्ट्रेलिया की तीन बार की विश्व चैंपियन एमा स्नोसिल ने रोड रेस में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की ट्रायथलॉन स्पर्धा के स्वर्ण पदक पर अधिकार जमाया। एथेंस ओलिम्पिक खेलों में हिस्सा नहीं ले पाई स्नोसिल ने 1 घंटे 58:27 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुर्तगाल की वेनिसा फर्नांडेज 1 घंटे 59:36 मिनट के साथ दूसरे तथा ऑस्ट्रेलिया की एमा मॉफेट 1 घंटे 59:55 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। 27 वर्षीय स्नोसिल ने इतनी बढ़त बना ली थी कि अंतिम चरण उन्होंने उत्साहपूर्वक पूरा किया।
एथेंस ओलिम्पिक खेलों के लिए नजरअंदाज कर दी गई स्नोसिल ने उसके बाद अपने चमकदार करियर के दौरान राष्ट्रकुल खेलों का स्वर्ण पदक जीता और अपना दूसरा तथा तीसरा विश्व खिताब हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 9 विश्व सिरीज खिताब भी अपनी झोली में डाले।
जेलिमो को स्वर्ण : पामेला जेलिमो ने 800 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। इसी के साथ वे ओलिम्पिक स्वर्ण जीतने वाली केन्या की पहली महिला खिलाड़ी बनीं। उन्होंने यह दूरी एक मिनट 54.87 सेकंड में तय की। 18 वर्षीय जेलिमो ने अप्रैल से ही स्पर्धाओं में हिस्सा लेना शुरू किया है।
उनकी हमवतन जानेथ जेप्कोस्की ने एक मिनट 56.07 सेकंड समय के साथ रजत और मोरक्को की हान्सा बेनहासी ने एक मिनट 56.73 सेकंड समय के साथ काँस्य पदक हासिल किया।
अपने छठे और आखिरी ओलिम्पिक खेलों में शिरकत कर रहीं मारिया मुटोला ने 1:57.68 सेकंड के साथ पाँचवाँ स्थान हासिल किया। मारिया ने 2000 के सिडनी ओलिम्पिक खेलों में पदक जीता था।