फेल्प्स खेलों के महानायक-आईओसी प्रमुख

गुरुवार, 14 अगस्त 2008 (20:33 IST)
अंतरराष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति के अध्यक्ष जाक रोगे ने गुरुवार को 'जल पुरुष' माइकल फेल्प्स के लिए तारीफों के पुल बाँधते हुए कहा कि वे खेलों के महानायक हैं।

इस अमेरिकी तैराक ने बीजिंग ओलिम्पिक में अभी तक लगातार पाँच रिकॉर्ड बनाते हुए पाँच स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। उन्होंने कल अपने करियर का 10वाँ और 11वाँ स्वर्ण पदक जीत लिया जिससे वह अभी तक ओलिम्पिक में सबसे ज्यादा सोने का तमगा जीतने वाला खिलाड़ी बन गया। यह तैराक मार्क स्पिट्ज का एक ओलिम्पिक में सात स्वर्ण पदक का रिकॉर्ड तोड़ने की जुगत में जुटा है।

रोगे ने बताया कि स्पिट्ज के पदक के रिकॉर्ड से ज्यादा हासिल करना ज्यादा महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि वह दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। वह महान एथलीट है। रोगे ने कहा कि ओलिम्पिक खेल सुपरहीरो के चारों ओर ही घूमता है। जेसी ओवंस पावो नुर्मी कार्ल लुईस और अब फेल्प्स इस फेहरिस्त में शामिल हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें