Assembly Election Results 2023: राजस्‍थान की वो 10 हॉट सीटें, जिन पर टिकीं हैं सभी की नजर

रविवार, 3 दिसंबर 2023 (10:17 IST)
Assembly Election Results 2023: पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम आ रहे हैं। आज शाम तक करीब करीब सभी राज्‍यों में हार जीत की स्‍थिति स्‍पष्‍ट हो जाएगी। अगर बात करें राजस्थान विधानसभा के चुनाव की तो यहां वैसे तो कई उम्‍मीदवार मैदान में हैं, लेकिन 10 ऐसी हॉट सीटें हैं जिन पर सभी की नजरें टिकीं हुई हैं। जानते हैं राजस्‍थान के रण की 10 हॉट सीटों के बारे में।

सरदारपुरा : CM अशोक गहलोत
इस सीट पर सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस के उम्मीदवार हैं और उनके सामने भाजपा ने महेन्द्र सिंह राठौड़ को उतारा है। दोनों स्थानीय हैं। राठौड़ स्थानीय सरकार भी सम्भाल चुके हैं, ऐसे में मुकाबला बहुत रोचक तो नहीं, लेकिन चर्चा में जरूर है।

झालरापाटन :  पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
इस सीट पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भाजपा की प्रत्याशी हैं और उनके सामने कांग्रेस के रामलाल चौहान हैं। यहां मुकाबला ज्यादा रोचक तो नहीं है, लेकिन राजे के कारण नजर जरूर रहेगी।

टोंक : सचिन पायलट
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट टोंक से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं और भाजपा ने टोंक से पहले भी चुनाव लड़ते रहे अजीत मेहता को टिकट दिया है। बडे उलटफेर की संभावना कम ही है, लेकिन परिणाम पर नजर रहेगी।

विद्याधर नगर : जयपुर की राजकुमारी दीया
विद्याधर नगर से भाजपा ने सांसद दीया कुमारी को टिकट दिया है जो जयपुर की राजकुमारी भी हैं। पार्टी ने उन्हें एक बडे चेहरे के रूप में आगे बढ़ती दिख रही हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस के सीताराम अग्रवाल से है जो पिछले पांच साल के दौरान काफी सक्रिय रहे हैं।

आमेर : सतीश पूनिया
आमेर से कांग्रेस के प्रशांत शर्मा के सामने भाजपा के सतीश पूनिया हैं। साल 2018 में भाजपा के सतीश पूनिया ने जीत दर्ज की थी। वर्ष 2018 में भाजपा के सतीश पूनिया ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत शर्मा को 13276 वोटो से हराया था।

झोटवाड़ा : राज्यवर्धन सिंह राठौड़
प्रदेश की राजधानी की झोटवाड़ा सीट सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की टक्कर कांग्रेस के युवा नेता व एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी से है। वैसे तो हर बार यहां बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव लड़ते रहे हैं।

तिजारा सीट : बाबा बालकनाथ
इस सीट पर भाजपा ने सांसद बाबा बालकनाथ को और कांग्रेस ने इमरान खान को टिकट दिया है। यह सीट राजस्थान में हिन्दू मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की सबसे बड़ी सीट मानी जा रही है।

लक्ष्मणगढ़ सीट : गोविंद सिंह डोटासरा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का मुकाबला पहले भाजपा फिर कांग्रेस और अब फिर भाजपा में आ गए सुभाष महरिया से है। यहां की लड़ाई रोचक है और डोटासरा का प्रचार के लिए कहीं और नहीं जा पाना बता रहा है कि मुकाबला कड़ा हो सकता है।

ओसियां सीट
ओसियां विधानसभा सीट जोधपुर जिले की सबसे हॉट सीट है। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस की दिव्या मदेरणा बनाम भाजपा के भैराराम चौधरी के बीच है। यहां साल 2018 में कांग्रेस की दिव्या मदेरणा ने जीत दर्ज की थी। दिव्या मदेरणा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बेहद करीबी हैं।

धौलपुर सीट
धौलपुर से भाजपा की ओर से शिवचरण कुशवाहा और कांग्रेस की ओर से शोभारानी कुशवाहा चुनाव मैदान में हैं। दोनों रिश्ते में जीजा-साली है, लेकिन सबसे रोचक यह है कि दोनों ने इस बार पार्टियां बदल ली हैं। शोभारानी पिछली बार भाजपा से थीं और शिवचरण कांग्रेस से। इस बार उल्टा हो गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी