अशोक गेहलोत और वसुंधरा ने डाला वोट

रविवार, 1 दिसंबर 2013 (12:27 IST)
FILE
राजस्थान विधानसभा की 200 में से 199 सीटों पर हो रहे मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अल सुबह अपने मताधिकार का उपयोग किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर शहर के वर्धमान स्कूल मे स्थित मतदान केन्द्र पर अपने परिजनो के साथ मतदान किया। मतदान के समय गहलोत के साथ उनके पुत्र वैभव तथा पत्नी भी थीं।

मतदान के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को एकतरफा जीत मिलेगी क्योंकि पार्टी की सरकार ने बीते 5 साल में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए हैं। भाजपा से प्रतिस्पर्धा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में न तो मोदी फैक्टर है और न राजे फैक्टर है।

गहलोत ने दावा किजब 8 दिसंबर को चुनावों के परिणाम घोषित होंगे तो भाजपा नेताओं के दावे हवा हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी की विचारधारा देश के हित में नहीं है। 5 राज्यों के चुनावों के नतीजों के बाद देश की एकता और धर्मनिरपेक्षता पर आधारित नया एजेंडा बनेगा।

उधर भाजपा की राज्य इकाई की अध्यक्ष वसुंधरा राजे ने झालावाड़ विधानसभा सीट में तोपखाना स्कूल में बने मतदान केंद्र पर अपने बेटे दुष्यंत सिंह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया। दुष्यंत सांसद हैं।

वसुंधरा राजे ने मतदान केंद्र से बाहर आते हुए अपनी पार्टी की बहुमत से जीत का दावा किया। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें