राजस्थान में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए शुक्रवार को होगा मतदान

गुरुवार, 9 जून 2022 (13:12 IST)
जयपुर। राजस्थान में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे मतदान शुरू होगा। निवार्चन विभाग के अनुसार मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई और मतदान दस जून को प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना 5 बजे से शुरू होगी।
 
आगामी 4 जुलाई को प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त हो रही 4 सीटों पर हो रहे इस चुनाव में कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला, मुकुल वासनिक एवं प्रमोद तिवारी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घनश्याम तिवाड़ी और भाजपा समर्थित एवं निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा चुनाव मैदान में हैं।
 
विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के आधार पर 4 सीटों में 2 पर कांग्रेस एवं एक पर भाजपा की जीत पक्की मानी जा रही है जबकि 4थी सीट के लिए मुकाबला होगा, जो 1 कांग्रेस प्रत्याशी एवं निर्दलीय के बीच माना जा रहा है।
 
उल्लेखनीय है कि इस चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने एवं समर्थित विधायकों को खरीद फरोख्त एवं सेंधमारी से बचाने के लिए उदयपुर में की गई बाड़ेबंदी के लिए विधायक गत 2 जून को ही जयपुर से रवाना होना शुरू हो गए थे और बाद में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी बाड़ेबंदी में पहुंचे।
 
बाड़ेबंदी में कांग्रेस विधायकों के अलावा निर्दलीय एवं भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के विधायक शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न सत्र आयोजित कर राज्यसभा चुनाव के बारे में जानकारियां एवं रणनीति आदि पर विचार विमर्श किया गया। कांग्रेस के विधायकों का आज गुरुवार को फिर वापस जयपुर लौटना शुरू हो गया है और वे आज यहां एक होटल में ठहरेंगे और शुक्रवार को सीधे मतदान के लिए विधानसभा पहुंचेंगे।
Koo App
कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी गत 6 जून से अपने विधायकों की जयपुर में एक होटल में बाड़ेबंदी करना शुरू कर दी थी। हालांकि भाजपा इसे भाजपा विधायक अभ्यास वर्ग नाम दे रही हैं और इस दौरान विभिन्न विषयों पर विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के ए विधायक भी शुक्रवार को होटल से सीधे मतदान केन्द्र पहुंचेंगे।
 
राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के 108, भाजपा के 71, निर्दलीय 13, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के 3, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एवं भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के 2-2 तथा राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक हैं।
 
कांग्रेस अपने साथ 2 बीटीपी, 2 माकपा एवं निर्दलीयों के साथ बताते हुए इस चुनाव में उसके पास 126 मत होने का दावा कर रही हैं और अपने तीनों प्रत्याशियों की जीत मान रही है। उधर भाजपाई निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं और वे अपने उम्मीदवार के अलावा निर्दलीय के भी जीतने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी