महिला से बदसलूकी, आप विधायक अमानतुल्ला गिरफ्तार

रविवार, 24 जुलाई 2016 (10:57 IST)
नई दिल्ली। महिला के साथ बदसलूकी के आरोप में दिल्ली पुलिस ने रविवार सुबह आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया।
 
इस बीच आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि वह उनकी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान को फंसाने के लिए एक महिला पर दबाव बना रही है। 
 
आप विधायक खान पर डॉ. समीना नामक एक महिला ने गत 20 जुलाई को जामिया नगर थाना में उसके साथ बलात्कार करने और अपनी कार से रौंदने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। वह बिजली आपूर्ति की शिकायत को लेकर विधायक के घर पर गई थी तभी उसे धमकी दी गई। 
 
हालांकि खान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इंकार करते हुए कहा है कि उक्त महिला ने अपने साथ जिस दिन धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है, उस दिन यानी 10 जुलाई को वे दिल्ली में नहीं बल्कि मेरठ में थे। उन्होंने अपने दावों की पुष्टि के लिए एक कथित स्टिंग वीडियो भी दिखाया।
 
उन्होंने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर आप विधायकों को झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने का भी आरोप लगाया। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें