Chattisgarh: भाजपा विधायक के पुत्र पर आदिवासी युवक पर हमला करने का मामला दर्ज

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 16 अक्टूबर 2024 (14:31 IST)
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बेमेतरा (Bemetara) जिले में दशहरा उत्सव के दौरान एक आदिवासी व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 13 अक्टूबर को साजा पुलिस थाना क्षेत्र के चेचानमेटा गांव में दशहरा उत्सव के दौरान हुई थी जिसके बाद मंगलवार को कृष्णा साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कृष्णा साहू विधायक ईश्वर साहू के बेटे हैं। ईश्वर साहू साजा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि प्रार्थी मनीष मंडावी (18) ने सोमवार को अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह एक विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहा था तब साहू और उसके 8-9 मित्रों ने उसके (मंडावी) साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने बताया कि मंडावी के मित्र राहुल ध्रुव और साहू के बीच विवाद हो गया था तथा मंडावी उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहा था।ALSO READ: Haryana Elections: महम से उम्मीदवार बलराज कुंडू ने पूर्व विधायक पर लगाया मारपीट करने का आरोप
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंडावी ने शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने मंडावी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है तथा आगे की जांच जारी है।
 
इस बीच क्षेत्र के आदिवासी समाज के सदस्यों ने प्रशासन पर मामले को दबाने तथा पीड़ित पर समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने मामला दर्ज करने में देरी की। पिछले वर्ष 8 अप्रैल को साजा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिरनपुर गांव में सांप्रदायिक हिंसा में ईश्वर साहू के एक अन्य पुत्र भुनेश्वर साहू (22) की हत्या कर दी गई थी।ALSO READ: दिल्ली में DJB कर्मचारी के साथ मारपीट, AAP विधायक पर मामला दर्ज
 
राज्य में जब विधानसभा के चुनाव हुए तब भाजपा ने इस घटना को लेकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया था तथा साजा सीट से भुनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा था। साहू ने इस चुनाव में तत्कालीन मंत्री और कांग्रेस के प्रभावशाली कांग्रेस नेता रवीन्द्र चौबे को हराया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी