डीपी यादव से कोई संबंध नहीं : भाजपा

बुधवार, 1 अक्टूबर 2014 (17:38 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि बाहुबली नेता डीपी यादव से पार्टी का दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।
भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की हरियाणा की एक सभा में मंच पर यादव को देखे जाने पर सवाल किए जाने पर कहा कि भाजपा का उनसे न कोई रिश्ता पहले था, न अब है और न ही भविष्य में रहेगा।
 
नकवी ने कहा कि यादव मंच पर कैसे आए, इस संबंध में जानकारी इकट्ठी की जा रही है। वहां के भाजपा उम्मीदवार को भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
 
उन्होंने जोर देकर कहा कि यादव को भाजपा की ओर से बुलाया नहीं गया था। उल्लेखनीय है कि गत दिनों हरियाणा में शाह की एक सभा में मंच पर यादव को देखा गया था जिसके कारण अटकलें लगाई जा रही थीं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें