मोदी का चला जादू, झारखंड में भाजपा की सरकार!

रविवार, 21 दिसंबर 2014 (08:30 IST)
रांची। झारखंड और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों में अंतिम चरण के मतदान के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजों के अनुसार झारखंड में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने के आसार हैं जबकि जम्मू कश्मीर में किसी भी पार्टी को बहुमत मिलता नहीं दिखाई दे रहा है।

दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान खत्म होने के बाद इंडिया टीवी-सी वोटर के एक्जिट पोल में 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में भाजपा को उसके सहयोगी दल आजसू के साथ 37-45 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि टूडेज चाणक्य ने भगवा को 61 सीटों के साथ दो तिहाई बहुमत मिलने की संभावना व्यक्त की है। उसके हिसाब से उसकी सीटें आठ ज्यादा या कम हो सकती हैं।
 
हालांकि भाजपा 87 सदस्यीय जम्मू कश्मीर विधानसभा में अपने मिशन 44 प्लस में पिछड़ सकती है। इंडिया टीवी ने उसे 27-33 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की है जिनमें से 25-31 सीटें पार्टी को जम्मू क्षेत्र से मिल सकती हैं।
 
इंडिया टीवी का अनुमान है सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेस की बुरी गति हो सकती है और वह खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच सकती है।

इंडिया टीवी ने मुफ्ती मोहम्मद सईद की पीडीपी को 32-38 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। नेशनल कांफ्रेस 8-14 सीटें जीतकर तीसरे नंबर पर खिसक जाएगी जबकि कांग्रेस को महज 4-10 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। अन्य के खाते में 2-8 सीटें जाने की संभावना है।
 
अनुमान है कि पीडीपी कश्मीर घाटी में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर सकती है और उसे इस क्षेत्र की 46 में से 29-35 सीटें मिल सकती हैं। एक्जिट पोल में घाटी में नेशनल कांफ्रेंस को 7-13 सीटें एवं कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
 
कश्मीर घाटी में सघन प्रचार अभियान चलाने वाली भाजपा घाटी में शायद खाता भी नहीं खोल पाए। उसे 0-1 सीट मिलने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही लद्दाख में 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है। वहां चार विधानसभा सीटें हैं।
 
वर्ष 2008 में पिछले जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस ने 28, पीडीपी ने 21, कांग्रेस ने 17 तथा भाजपा ने 11 सीटें जीती थीं। अन्य के खाते में 10 सीटें गई थीं।
 
इंडिया टीवी के एक्जिट पोल के अनुसार झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो को 15-23 सीटें जबकि टूडेज चाणक्य के मुताबिक चार सीटें कम या ज्यादा के साथ 12 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी और टूडेज चाणक्य के अनुसार कांग्रेस को क्रमश: 3-7 सीटें और चार सीटें मिलने की संभावना है।
 

झारखंड पर एग्जिट पोल
पार्टी सी वोटर टुडेज-चाणक्य एबीपी-नील्सन सिसरो
भाजपा 37-45 61 52 41-49
झामुमो 15-23 12 10 15-19
कांग्रेस 3-7 4 9 7-11
झाविमो 4-8 2 6  
अन्य 7-13 2 4 8-12
जम्मू-कश्मीर पर एग्जिट पोल
पार्टी सी वोटर एक्सिस-एपीएम
भाजपा 27-33 16-22
पीडीपी 32-38 36-41
कांग्रेस 4-10 9-13
एनसी 8-14 9-13
अन्य 2-8 7-9

वेबदुनिया पर पढ़ें