शादी की खुशी में फायरिंग, दूल्हे की मौत

बुधवार, 28 फ़रवरी 2018 (17:50 IST)
नई दिल्ली। राजधानी में यमुनापार के सीमापुरी क्षेत्र की कलंदर कालोनी में शादी की खुशी उस समय गम में बदल गई, जब इस मौके पर की गई हवाई फायरिंग के दौरान एक गोली घोड़ी पर सवार दूल्हे को लग गई और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।


घटना मंगलवार रात की है। हादसे में मारे गए व्यक्ति का नाम दीपक (23) है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक की बारात निकल रही थी, तभी खुशी में की गई हवाई फायरिंग के दौरान एक गोली दूल्हे को जा लगी और वह घोड़ी से नीचे गिर गया।

दीपक को तुरंत पास के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और रात को लगभग दो बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मृतक के एक रिश्तेदार का भानजा है। पुलिस उसके पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। बारात सीमापुरी से फरीदाबाद जानी थी। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी