आंध्र में 3 नेताओं का अपहरण

बुधवार, 7 अक्टूबर 2015 (00:46 IST)
विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में प्रतिबंधित माओवादी संगठन ने तेलुगूदेशम पार्टी (तेदेपा) के तीन नेताओं का कथित तौर पर अपहरण कर लिया है। इस घटना से जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। 
 
पुलिस के अनुसार, माओवादियों ने तेदेपा के तीन नेताओं का अपहरण कल देर शाम को ही कर लिया लेकिन मामला आज सुबह प्रकाश में आया। अगवा किए गए नेताओं में ममिदी बालया पादल के अध्यक्ष जीके वीधि मंडल, तेदेपा के जिला कार्यकारी सदस्य मुक्तला महेश और तेदेपा के जन्मभूमि समिति के सदस्य शामिल है।
 
जिला पुलिस अधीक्षक कोण प्रवीण ने बताया, हमने खबर की पुष्टि की है और ऐसी संभावना है कि माओवादी उन्हें पूर्वी गोदावरी जिले के जंगलों की ओर ले जा सकते हैं। हम माओवादियों की मांग की प्रतीक्षा कर रहे हैं। राज्य में माओवादियों ने आंध्र-ओडिशा सीमा पर सात अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक बंद की घोषणा की है। (वार्ता) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें