Heavy rain in Mumbai: मुंबई में 24 घंटे में हुई 4 इंच बारिश, IMD ने दी भारी वर्षा की चेतावनी

गुरुवार, 20 जुलाई 2023 (15:07 IST)
Heavy rain in Mumbai: मुंबई (Mumbai) में पिछले 24 घंटों में औसतन 100 मिलीमीटर (4 इंच) बारिश दर्ज की गई और मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में कल तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। भारी बारिश (Heavy rain) के बाद बुधवार को निचले इलाकों में पानी भर गया था। आईएमडी (IMD) ने भारी वर्षा की चेतावनी दी। 
 
भारी वर्षा से लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गई थीं, वहीं गुरुवार को सुबह बारिश की तीव्रता कुछ कम हो गई। कुछ इलाकों में आज गुरुवार को बारिश नहीं हुई। स्थानीय निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि देश की वित्तीय राजधानी में गुरुवार को सुबह 8 बजे तक 24 घंटे की अवधि में औसतन 100 मिलीमीटर (4 इंच) बारिश दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान द्वीप शहर में 95.39 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 96.70 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 110.45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
 
अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने अगले 24 घंटों में शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों मार्गों पर सामान्य हैं। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि ट्रेनें 10-15 मिनट की देरी से चल रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बस सेवाएं भी सामान्य हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी